वेयरहाउस किराए के नाम पर 90 लाख की धोखाधड़ी, चेक बाउंस होने पर खुला फर्जीवाड़ा

 

जबलपुर। जिले के चरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत दुल्हनखेड़ा में वेयरहाउस किराए पर देने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता भावना दीक्षित ने आरोप लगाया है कि किराएदारों ने सुनियोजित तरीके से फर्जी चेक देकर उनके साथ आर्थिक छल किया। मामले में मीना जैन, मनोज जैन और दीपेश जैन के नाम सामने आए हैं।

किराए के अनुबंध के बाद शुरू हुआ खेल

पीड़िता के अनुसार दुल्हनखेड़ा स्थित उनके वेयरहाउस को आरोपियों ने किराए पर लिया था। दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के तहत हर माह 1 लाख 50 हजार रुपये किराया तय किया गया था। शुरुआत में आरोपियों ने नियमित भुगतान का भरोसा दिलाते हुए सुरक्षा राशि और अग्रिम किराए के नाम पर 90 लाख रुपये के चेक दिए थे। वेयरहाउस मालिक ने इन्हें गारंटी मानते हुए अपनी संपत्ति किराए पर सौंप दी।

बैंक में लगे झटके, सभी चेक हुए बाउंस

भावना दीक्षित ने बताया कि तय समय पर जब उन्होंने 90 लाख रुपये के चेक बैंक में जमा किए तो सभी चेक एक-एक कर बाउंस हो गए। बैंक से भुगतान न होने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया। उस दौरान आरोपियों ने जल्द राशि लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी जानबूझकर भुगतान से बच रहे हैं।

पुलिस और बैंक अधिकारियों पर भी लगाए गंभीर आरोप

धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने बैंक अधिकारियों और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए सभी दस्तावेज एवं चेक बाउंस के प्रमाण दिए। इसके बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़िता नाराज है।

भावना दीक्षित का आरोप है कि इस पूरे मामले में कुछ बैंक अधिकारी और पुलिसकर्मी भी आरोपियों को संरक्षण देने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ रही है।

कानूनी विशेषज्ञ बोले- धोखाधड़ी का भी बनता है मामला

कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार यदि कोई व्यक्ति भुगतान की मंशा के बिना जानबूझकर चेक जारी करता है, तो यह केवल चेक बाउंस का मामला नहीं बल्कि धोखाधड़ी की श्रेणी में भी आता है। ऐसे मामलों में दस्तावेजों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि वेयरहाउस से होने वाली आय उनके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। न्याय नहीं मिलने पर उन्होंने उच्च स्तर पर शिकायत करने की चेतावनी भी दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post