ओएफके को-ऑपरेटिव सोसाइटी के पेट्रोल पंप पर हड़ताल, कर्मचारियों ने लगाया शोषण का आरोप

 



जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) को-ऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा संचालित पेट्रोल पंप में सोमवार सुबह अचानक ताले नहीं खुलने से हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप के कर्मचारी लंबे समय से वेतन वृद्धि और नियमानुसार पीएफ कटौती की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रबंधन द्वारा उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने से नाराज कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता अपना लिया। इसके चलते पेट्रोल वितरण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

पेट्रोल पंप बंद होने की खबर मिलते ही निर्माणी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति संभालने के लिए आनन-फानन में मैनेजर और एक अन्य कर्मचारी को पंप संचालन के लिए भेजा गया, लेकिन हड़ताली कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार नहीं हुए। कर्मचारियों का आरोप है कि सोसाइटी प्रबंधन लगातार उनका शोषण कर रहा है।

कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें मात्र 10 हजार रुपए मासिक वेतन दिया जाता है। इतना ही नहीं, पेट्रोल पंप में होने वाले नुकसान की भरपाई भी उनके वेतन से काट ली जाती है। कर्मचारियों के मुताबिक कई बार असामाजिक तत्व बिना भुगतान किए पेट्रोल भरवा कर चले जाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय प्रबंधन कर्मचारियों के वेतन से राशि काट लेता है।

हड़ताली कर्मचारियों का यह भी कहना है कि उन्हें नियमित नौकरी का सपना दिखाकर काम पर रखा गया था। कई कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें नियमित नहीं किया गया। इतना ही नहीं, वर्षों से काम करने के बाद भी कर्मचारियों का पीएफ तक नहीं काटा जा रहा है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

देहरादून दौरे पर अध्यक्ष, कर्मचारियों में आक्रोश

एक ओर कर्मचारी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोसाइटी अध्यक्ष के देहरादून दौरे को लेकर कर्मचारियों में रोष देखा जा रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

इधर, ओएफके को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कर्मचारियों ने दो माह पूर्व नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और पीएफ संबंधी मांगों का पत्र दिया था। इस विषय पर जनरल बॉडी मीटिंग में चर्चा प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल शहर से बाहर हैं, ऐसे में कर्मचारियों को अचानक हड़ताल पर नहीं जाना चाहिए था।

Post a Comment

Previous Post Next Post