तीन बाइकों की भीषण भिड़ंत में एक की मौत, चार घायल

 


पाटन के मेढ़ी झामर के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, एक घायल जबलपुर रेफर

जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ी झामर के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तीन तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आपसी भिड़ंत से हुआ, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गई थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही तीसरी बाइक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए पाटन के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में एक दंपति और उनकी बेटी भी शामिल बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज पाटन अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। सभी पीड़ित अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post