रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस विभाग के भीतर की आपसी रंजिश ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। बिछिया थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन कॉलोनी में एक पुलिसकर्मी ने अपने ही साथी हेड कांस्टेबल पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार घायल मुकेश तिवारी मनगवां थाने में पदस्थ हैं और वर्तमान में कलेक्ट्रेट एवं कोर्ट ड्यूटी पर तैनात हैं। घायल की पत्नी सुभाषिनी तिवारी और बेटे आदित्य तिवारी ने बताया कि रविवार 10 मई की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच मुकेश तिवारी ड्यूटी के दौरान खाना लेने अपने शासकीय आवास पहुंचे थे। जैसे ही उनका बेटा दरवाजा खोलने बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपी हमला करने पहुंच गए।
पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी
परिजनों के मुताबिक आरोपी कांस्टेबल चालक सुरेंद्र पांडे, उसका बेटा समन पांडे और दो अन्य साथी लाठी-डंडों एवं कुल्हाड़ी से लैस होकर मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने मुकेश तिवारी पर अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
परिजनों ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र पांडे पिछले तीन-चार दिनों से लगातार विवाद कर रहा था और बिना किसी कारण गाली-गलौज कर परिवार को धमका रहा था। परिवार का आरोप है कि कॉलोनी में आरोपी का भय इतना अधिक है कि लोग उसके खिलाफ खुलकर बोलने से भी डरते हैं।
अस्पताल पहुंचीं प्रभारी एसपी, दर्ज हुए बयान
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रभारी एसपी आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल मुकेश तिवारी का हालचाल जाना और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बिछिया पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल सुरेंद्र पांडे, उसके बेटे समन पांडे और अन्य साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
