नई दिल्ली। दिल्ली की सियासत में बड़ा उलटफेर सामने आया है। राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के आम आदमी पार्टी छोड़ने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि हरभजन सिंह ने AAP से इस्तीफा दे दिया है और वह अन्य सांसदों के साथ बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
हरभजन सिंह, जिन्हें क्रिकेट जगत में “टर्बिनेटर” के नाम से जाना जाता है, मार्च 2022 में आम आदमी पार्टी से पंजाब से राज्यसभा सांसद बने थे। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था और AAP के साथ अपनी नई पारी शुरू की थी। क्रिकेट करियर की बात करें तो हरभजन सिंह ने भारत के लिए 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट में 417, वनडे में 269 और टी20 में 25 विकेट दर्ज हैं। आईपीएल में भी उन्होंने 150 विकेट हासिल किए हैं। अब उनके पार्टी छोड़ने के दावे के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसके बड़े असर देखने को मिल सकते हैं।
