कमर्शियल LPG सिलेंडर 993 रुपए महंगा, दिल्ली में कीमत ₹3,071.5 पहुंची घरेलू उपभोक्ताओं को राहत बरकरार


नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में बढ़ती कीमतों का असर अब देश के व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं पर साफ दिखने लगा है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार 1 मई को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भारी उछाल करते हुए 993 रुपए की वृद्धि कर दी है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 3,071.5 रुपए हो गई है।

हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है। कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है, जिससे देश के करीब 33 करोड़ उपभोक्ताओं पर सीधा असर नहीं पड़ेगा।

सरकारी कंपनी Indian Oil Corporation Limited (आईओसीएल) के अनुसार, यह बढ़ोतरी वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी के कारण की गई है। गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद यह कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में तीसरी वृद्धि है। मार्च की शुरुआत में करीब 115 रुपए और 1 अप्रैल को लगभग 200 रुपए की बढ़ोतरी पहले ही की जा चुकी थी।

आईओसीएल ने यह भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, ताकि आम जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। इसी तरह, एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतें भी स्थिर रखी गई हैं, जिससे एयरलाइंस और यात्रियों को राहत मिल सके।

इस बीच, केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट को देखते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्यात पर नियंत्रण कड़े किए हैं। 27 मार्च 2026 से पेट्रोल, डीजल और एटीएफ पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) और सड़क एवं अवसंरचना उपकर (RIC) लागू किया गया है।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, 1 मई से लागू नई दरों के तहत डीजल के निर्यात पर 23 रुपए प्रति लीटर और एटीएफ पर 33 रुपए प्रति लीटर का शुल्क तय किया गया है, जबकि पेट्रोल पर निर्यात शुल्क शून्य रखा गया है। वहीं, घरेलू खपत के लिए पेट्रोल-डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post