जबलपुर। संजीवनी क्लीनिकों के लिए आई राशि में कथित गोलमाल की जांच के बीच लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अशोक वर्णवाल के जबलपुर दौरे ने स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज कर दी है। शनिवार को एसीएस ने कलेक्टर जबलपुर के साथ जिला अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया और निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन अस्पताल भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और संबंधित अभियंताओं को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो तथा भवन की सुरक्षा, तकनीकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद एसीएस ने जिला अस्पताल की ओपीडी पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज की आभा (ABHA) आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, ताकि नागरिक आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण दल ने अस्पताल परिसर के विभिन्न ओपीडी कक्षों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, उपचार सेवाओं तथा रोगी अनुकूल वातावरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब, पैथोलॉजी विभाग और जिला औषधि भंडार का भी निरीक्षण किया।
दवाओं के भंडारण, रखरखाव और उपलब्धता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण और सुव्यवस्थित प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और रखरखाव की भी सराहना की गई।
गौरतलब है कि संजीवनी क्लीनिकों के लिए जारी राशि में अनियमितताओं को लेकर जांच जारी है। ऐसे समय में स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारी का जबलपुर दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की नजरें अब जांच की दिशा और उसके संभावित परिणामों पर टिकी हुई हैं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. भरत कुमार खटीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन, ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ. अमितोज भल्ला, उप संचालक डॉ. एकांश राय, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. संजय जैन, आरएमएनसीएचओ समन्वयक निहार दीवान सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
