जबलपुर। शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच और बरेला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शारदा मंदिर तिराहे के पास नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से 33 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ में जबलपुर के एक कथित सप्लायर का नाम भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंडला की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा कार (एमपी-20-जेडजी-9299) में भारी मात्रा में गांजा लेकर एक व्यक्ति जबलपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना बरेला की टीम ने शारदा मंदिर तिराहे के पास नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बुलराजू पिता वैंकट राव (57 वर्ष) निवासी कलवापल्ली, थाना चागलू, जिला पश्चिम गोदावरी (आंध्र प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी शास्त्री नगर, मेडिकल कॉलेज थाना तिलवारा क्षेत्र बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 हजार 740 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं क्रेटा कार की तलाशी लेने पर सीटों के नीचे आधा-आधा किलो के 10 पैकेट तथा बोनट में इंजन के ऊपर एक-एक किलो के 27 पैकेट छिपाकर रखे गए मिले। जब सभी पैकेटों का वजन कराया गया तो कुल 33 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा से लाई गई थी खेप, भानतलैया में होनी थी डिलीवरी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह गांजा ओडिशा के टिटलागढ़ (बोलांगीर) क्षेत्र से एक व्यक्ति के संपर्क में आकर खरीदकर लाया था। आरोपी ने बताया कि यह खेप जबलपुर के भानतलैया निवासी शुभम सोनकर को सप्लाई की जानी थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 किलो 300 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, नकद राशि तथा परिवहन में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त कर ली है। मामले में आरोपी बुलराजू राव और शुभम सोनकर के विरुद्ध थाना बरेला में अपराध क्रमांक 328/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। बुलराजू को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बरेला शुभम सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह उईके, के.पी. झारिया, मुनीम सिंह कुलस्ते, यादवेन्द्र गिरी, आरक्षक रवि शर्मा और प्रिंस कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सोलंकी, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला तथा आरक्षक राजेश मातरे, विनय सिंह और राजेश मिश्रा ने कार्रवाई को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
