कार में तोड़फोड़ कर फैलाया था दहशत, एक नाबालिग भी पकड़ाया
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर इलाके में बिल्डर के घर के बाहर बम फेंककर दहशत फैलाने और कार में तोड़फोड़ करने वाले दो युवकों समेत एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को उस स्थान पर भी ले जाकर घटनास्थल की तस्दीक कराई, जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि 11 मई को फरियादी अक्षय सिंह निवासी न्यू शोभापुर, भानपुरा ने थाना रांझी में शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के सामने बम फेंका और उनकी बलेनो कार पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांझी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आयुष पंडा और किशन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में एक 16 वर्षीय विधि विवादित बालक निवासी चार खम्बा का नाम भी सामने आया। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें तीनों ने मोहल्ले में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक मयंक यादव, एएसआई मनीष जाटव, एएसआई लवकुश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक चंद्रभान, पुरुषोत्तम, आरक्षक मनीष पटेल, अभिषेक मिश्रा तथा क्राइम ब्रांच के एएसआई मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक मोहन थापा, हितेंद्र रावत, बीरेंद्र सिंह, आरक्षक पंकज सिंह एवं सत्येंद्र बिसेन की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- आयुष शर्मा उर्फ आयुष पंडा (18) निवासी कंचनपुर
- किशन तिवारी (20) निवासी संजय नगर पानी की टंकी, आधारताल
- 16 वर्षीय विधि विवादित बालक निवासी मक्का नगर, थाना हनुमानताल
