बल्देवबाग पेट्रोल पंप के पास मिला ट्रांसपोर्ट कर्मचारी का शव, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

 


जबलपुर। शहर के बल्देवबाग चौक स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले और आसपास मौजूद लोगों ने जब व्यक्ति को अचेत हालत में देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।

मामले में लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली थी कि पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतक के शरीर पर हल्के चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे प्रारंभिक तौर पर लोगों में संदेह की स्थिति बन गई थी।

हालांकि फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने के बाद प्राथमिक जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। इसके बावजूद पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

जांच के दौरान मृतक की पहचान हरदौल मंदिर, कोतवाली निवासी 56 वर्षीय गुड्डू यादव के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि गुड्डू यादव बल्देवबाग चौक के पास स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत थे। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि वह सोमवार रात काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिली।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post