प्रेम विवाह से नाराज़ युवकों ने दंपति पर किया हमला, पति के सिर पर लोहे के कड़े से वार

 

जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरंदी बाजार भरतीपुर में प्रेम विवाह को लेकर तनाव उस समय हिंसक झगड़े में बदल गया, जब एक युवक और उसकी पत्नी पर बीच सड़क हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुरंदी निवासी सुमित सोनकर सब्जी का कारोबार करता है। सुमित ने कुछ समय पहले चंपालाल का बाड़ा, घमापुर निवासी अंशिका सोनकर के साथ सदर काली मंदिर में प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से अंशिका के परिजन इस रिश्ते से नाराज़ चल रहे थे।

घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सुमित अपनी पत्नी अंशिका को लेकर भरतीपुर स्थित घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों न्यू मछली मार्केट के सामने गुरंदी बाजार पहुंचे, तभी शुभम सोनकर और रिंकू सोनकर ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवकों ने अंशिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी को बचाने पहुंचे सुमित पर आरोपियों ने लोहे के कड़े से हमला कर दिया। वार सुमित के सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

पति पर हमला होते देख अंशिका ने जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे। भीड़ को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

दिन-दहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल सुमित को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंची ओमती थाना पुलिस ने घायल और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शुभम सोनकर और रिंकू सोनकर के खिलाफ मारपीट, धमकी और हमला करने का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post