दोस्ती में दरार बनी जानलेवा हमला: मदार टेकरी में युवक पर धारदार वार, आरोपी फरार



जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित मदार टेकरी में देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कभी करीबी रहे दोस्तों के बीच बढ़ी दूरियों ने हिंसक रूप ले लिया, जहां आरोपी ने सरेराह धारदार हथियार से हमला कर युवक को घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार चारखम्बा, छोटी मदार टेकरी निवासी शहबाज अंसारी (27), जो अलमारी और गोदरेज बनाने का काम करता है, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शहबाज ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब 12:05 बजे अपने दोस्तों शाहरूख अंसारी और अरमान के साथ बड़ी मदार टेकरी स्थित मदार गेट के पास बैठा था, तभी सिंधी कैम्प निवासी आमिर वहां पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि पहले शहबाज और आमिर के बीच दोस्ती थी, लेकिन हाल के दिनों में शहबाज ने उससे दूरी बना ली थी, जिससे आमिर नाराज चल रहा था। मौके पर पहुंचते ही आमिर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब शहबाज ने विरोध किया, तो आमिर ने पास रखी धारदार वस्तु से उस पर हमला कर दिया।

हमले में शहबाज के दाहिने हाथ की कलाई और पहली उंगली में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में पीड़ित थाने पहुंचा, जहां उसकी शिकायत पर हनुमानताल पुलिस ने आरोपी आमिर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में दबिश दी जा रही है। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post