बालाघाट। जिले के हट्टा क्षेत्र में शादी के महज तीन दिन बाद मायके पहुंची एक नवविवाहिता के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रफुल्ल उर्फ राज ठाकरे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हट्टा निवासी युवती विवाह के बाद मायके आई हुई थी। इसी दौरान वह खेत की ओर गई थी, जहां भांडी वारासिवनी निवासी आरोपी प्रफुल्ल उर्फ राज ठाकरे ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने युवती से बातचीत के दौरान प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने को लेकर सवाल-जवाब किए।
बताया जा रहा है कि जब नवविवाहिता ने आरोपी का विरोध किया और वहां से जाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी युवती को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना से आहत युवती ने परिजनों के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भांडी गांव से लेकर नागपुर तक दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को लालबर्रा क्षेत्र के देवगांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
