जबलपुर। बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं भरोसेमंद बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी द्वारा नर्मदापुरम जिले के सेमरी हरचंद स्थित 132 केवी सबस्टेशन में तीसरे पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना कर उसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया है। नए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से क्षेत्र की पारेषण प्रणाली पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हो गई है।
पर्यटन स्थल और ग्रामीण क्षेत्र को मिलेगा लाभ
सेमरी हरचंद सबस्टेशन में हुए इस विस्तार का सीधा फायदा मड़ई वाइल्डलाइफ अभयारण्य सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा। इसके अलावा इस केंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों के ग्रामीण उपभोक्ताओं और कृषि क्षेत्र को अब बेहतर गुणवत्ता वाली बिजली उपलब्ध हो सकेगी। लंबे समय से बनी लो वोल्टेज की समस्या में भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को मानक वोल्टेज पर निरंतर एवं विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि खेती-किसानी, सिंचाई और घरेलू कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर हुई 100 एमवीए
अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य के अनुसार तीसरे पावर ट्रांसफार्मर के जुड़ने से सेमरी हरचंद सबस्टेशन की कुल क्षमता अब बढ़कर 100 एमवीए हो गई है।
उन्होंने बताया कि इस विस्तार के बाद पूरे नर्मदापुरम जिले की स्थापित ट्रांसफार्मेशन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो अब 2015 एमवीए तक पहुंच गई है। विभाग के मुताबिक यह क्षमता वृद्धि भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर बनाएगी।
