मध्य प्रदेश में IPS अधिकारियों का तबादला, ग्वालियर-भिंड समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारियां



 भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के तीन वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। रविवार को मंत्रालय वल्लभ भवन से जारी आदेश के तहत ग्वालियर, भिंड और बुरहानपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश सागर, जो वर्तमान में ग्वालियर में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं सेनानी, द्वितीय वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब पुलिस मुख्यालय भोपाल में उप पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने इसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नियुक्ति माना है।

वहीं वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी आशुतोष बागरी, जो भिंड स्थित 17वीं वाहिनी में सेनानी के रूप में पदस्थ थे, उन्हें जिला बुरहानपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। बुरहानपुर जैसे संवेदनशील जिले में उनकी नियुक्ति को कानून-व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इसके अलावा वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी श्रीमती विदित्ता डागर को पदोन्नत करते हुए ग्वालियर में ही द्वितीय वाहिनी विशेष सशस्त्र बल का सेनानी बनाया गया है। इससे पहले वे ग्वालियर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थीं।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश पर विभाग की सचिव शिल्पा गुप्ता के हस्ताक्षर हैं। शासन ने आदेश की प्रतिलिपि भारत सरकार के गृह मंत्रालय सहित राज्य के सभी संबंधित विभागों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी है। साथ ही सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post