प्रज्ञाधाम मंदिर में फिर चोरी, भगवान भोलेनाथ का चांदी का कलश ले भागा चोर



जबलपुर। कटंगी स्थित प्रज्ञाधाम मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया। मंदिर में देर रात हुई चोरी की वारदात से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। चोर मंदिर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और भगवान भोलेनाथ के ऊपर लगा चांदी का कलश चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक रात के समय मंदिर में दाखिल हुआ और सीधे गर्भगृह तक पहुंच गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक जूते पहनकर मंदिर के अंदर घुसा और शिवलिंग के ऊपर स्थापित चांदी का कलश निकालकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने मंदिर के बाहर रखी दानपेटी में मौजूद नकदी भी निकाल ली और मौके से फरार हो गया।

सुबह मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खबर आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर पहुंच गए। लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रज्ञाधाम मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां लगातार चोरी की घटनाएं होना बेहद गंभीर मामला है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदिर में पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाए।

इधर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और दावा किया जा रहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post