जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस अंतर्गत आईटीआई चुंगी नाका क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिव महापुराण के लिए चंदा एकत्र कर रहे युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार अंकित खटीक निवासी चुंगी नाका, अपने साथियों नकुल खटीक और वरुण चौरसिया के साथ मोहल्ले में आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के लिए चंदा एकत्र कर रहा था। इसी दौरान क्षेत्र का रहने वाला अनूप अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और चंदे को लेकर सवाल-जवाब करने लगा।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अनूप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आया। जब अंकित ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में अंकित के हाथों में गंभीर चोटें आईं।
घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इलाके में असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ रहा है और आए दिन मारपीट, धमकी व चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र का माहौल और बिगड़ सकता है।
.jpg)