तीर्थ नगरी में शर्मनाक वारदात! पिसनहारी की मढ़िया धर्मशाला में महिला से छेड़छाड़, चाकू दिखाकर बच्चे को दी जान से मारने की धमकी

 


जबलपुर। संस्कारधानी के प्रसिद्ध पिसनहारी की मढ़िया जैन तीर्थ में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब राजस्थान के जयपुर से दर्शन करने आई एक महिला के साथ धर्मशाला परिसर में छेड़छाड़ और लूट के प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोपी ने महिला को चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की और उसके मासूम बच्चे को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। महिला की बहादुरी और शोर मचाने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक महिला अपने परिवार के साथ जैन तीर्थ दर्शन के लिए जबलपुर पहुंची थी और धर्मशाला में रुकी हुई थी। देर रात वह अपने बच्चों को लेकर वॉशरूम गई थी। इसी दौरान वॉशरूम के पीछे छिपा एक युवक अचानक सामने आ गया। आरोपी ने महिला को रोककर उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने महिला को डराकर लूट की कोशिश भी की।

जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकाल लिया और बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा। भयावह स्थिति के बीच महिला ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर धर्मशाला परिसर में मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने धर्मशाला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना के बाद धर्मशाला की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post