भीषण गर्मी से राहत: एमपी में बदला मौसम, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

 

प्री-मानसून ने दी राहत: जबलपुर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट, तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट



जबलपुर। मध्य प्रदेश में प्री-मानसूनी गतिविधियों के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग द्वारा जबलपुर सहित करीब 18 जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी किए जाने के बीच पिछले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में 6 डिग्री तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बदलाव से बड़ी राहत मिली है।



मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसूनी सिस्टम मजबूत हुआ है, जिसके चलते भारी बारिश, धूल भरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। इसी को देखते हुए मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिलों के लिए नारंगी अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ तीव्र मौसमीय गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

वहीं भोपाल, विदिशा, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, सागर, मैहर, पांडुर्णा, खंडवा, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों को पीली चेतावनी की श्रेणी में रखा गया है। इन जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

तापमान में आई बड़ी गिरावट

शनिवार को जबलपुर क्षेत्र का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री नीचे जाकर 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। ऐसे में तापमान में लगभग 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हवा में आर्द्रता का स्तर 51 प्रतिशत रहा, जबकि उत्तर-पश्चिमी दिशा से 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारों की संभावना बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post