जबलपुर। शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। यहां अज्ञात हमलावरों ने फ्लाईओवर से एक घर को निशाना बनाते हुए एसिड अटैक कर दिया, जिसमें शिवांश नामक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
बताया जा रहा है कि घटना उस वक्त हुई जब युवक अपने घर पर मौजूद था। अचानक ऊपर से फेंके गए एसिड के कारण वह बुरी तरह झुलस गया। परिवार के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उपचार में जुटे हैं।
परिवार का कहना है कि इससे पहले भी उनके घर पर पत्थरबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे यह बड़ा हमला हो गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात को लेकर बेहद चिंतित हैं और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंच बनाई जाएगी।
