दिनदहाड़े झपट्टा मारकर मोबाइल लूट, शीतलामाई मंदिर के पास वारदात से दहशत



जबलपुर। शहर में मोबाइल लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बदमाश अब इतने बेखौफ हो चुके हैं कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पलक झपकते वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। न पुलिस मौके पर कुछ कर पाती है और न ही आसपास मौजूद लोग लुटेरों को पकड़ पाते हैं। यही वजह है कि शहर में झपटमारी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

ताजा मामला घमापुर थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार दोपहर शीतलामाई मंदिर के पास एक युवक से मोबाइल छीनकर बदमाश फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घमापुर पुलिस के मुताबिक अच्छे मियां का बाड़ा निवासी प्रकाश राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह महाधिवक्ता कार्यालय में सरकारी नौकरी करता है। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने घर से किराना सामान लेने शीतलामाई की ओर जा रहा था।

जैसे ही वह शीतलामाई मंदिर के पास पहुंचा, तभी उसके मोबाइल पर कॉल आया। वह सड़क किनारे मोबाइल निकालकर बात करने लगा। इसी दौरान घमापुर चौक की तरफ से एक्सिस स्कूटर में सवार एक युवक उसके पास आकर रुका और पलक झपकते ही उसके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि लूटा गया मोबाइल करीब 19 हजार रुपये कीमत का था। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी मौके से गायब हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही घमापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

शहर में लगातार हो रही मोबाइल लूट की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर सड़क पर मोबाइल पर बात करते समय लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post