उज्जैन। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित जाल कंपाउंड इलाके में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डिस्पोजल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम से अचानक धुआं और ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मकान मालिक और गोदाम संचालक को सूचना दी। देर रात इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
चार दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
गोदाम संचालक युवराज सिंह जाट ने बताया कि पड़ोसियों के फोन आने के बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील डिस्पोजल सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती तो आग आसपास के रिहायशी मकानों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
CCTV फुटेज ने बदला पूरा मामला
शुरुआत में आग लगने की इस घटना को सामान्य हादसा माना जा रहा था, लेकिन बाद में सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। फुटेज में एक संदिग्ध युवक गोदाम के पास आता दिखाई दे रहा है, जो कथित रूप से आग लगाते हुए नजर आ रहा है।
सीसीटीवी सामने आने के बाद अब मामले में जानबूझकर आगजनी किए जाने और किसी पुरानी रंजिश या साजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
माधवनगर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल आगजनी के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में इस तरह खुलेआम आगजनी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्षद प्रतिनिधि खुशाल गुप्ता ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे समाजकंटकों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगजनी के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
