जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा चौगान इलाके में रविवार रात एक मामूली विवाद को शांत कराने की कोशिश एक पान दुकानदार और उसके नाबालिग बेटे पर भारी पड़ गई। दो सगे भाइयों ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि लोहे की छड़ से हमला कर दुकानदार का सिर फोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, कमानिया गेट निवासी विशाल चौरसिया (50 वर्ष) की सराफा चौक के पास पान की दुकान है। रविवार रात करीब 12:15 बजे वे दुकान बंद कर अपने 16 वर्षीय बेटे अक्षय के साथ घर लौट रहे थे।
जब वे बड़ा चौगान स्थित हनुमान लस्सी वाली गली के पास पहुंचे, तो वहां अरविंद कुमार जैन नामक व्यक्ति लस्सी विक्रेता से विवाद कर रहा था और उसके हाथ में लोहे की छड़ थी।
बीच-बचाव बना विवाद की वजह
शोर सुनकर विशाल चौरसिया और उनका बेटा मौके पर रुक गए। इसी दौरान अरविंद जैन उन्हें देखकर भड़क गया और अक्षय के साथ गाली-गलौज करते हुए मारने दौड़ा।
जब पिता ने बेटे को बचाने की कोशिश की, तभी अरविंद का भाई अनिल जैन भी वहां पहुंच गया। दोनों भाइयों ने मिलकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच अरविंद ने लोहे की छड़ से विशाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
घटना के दौरान मौके पर मौजूद नवीन गुप्ता, संतोष जायसवाल और श्रेयस जैन ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। हालांकि, जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी अरविंद कुमार जैन और अनिल जैन के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
