नौतपा शुरू हो चुका है और अपने साथ लेकर आया है तपा देने वाली गर्मी. पृथ्वी मानो आग का गोला बन गई है और 2 मिनट भी AC के बिना रहना मुश्किल हो गया है. ऐसे में खुद को ठंडा रखना बेहद जरूरी है. कुछ ऐसी देसी ड्रिंक्स हैं जो शरीर को इस समय में ठंडक देने का काम करती हैं. इन ड्रिंक्स से शरीर की गर्माहट कम होती है और कूलिंग इफेक्टस मिलते हैं सो अलग. तो चलिए, बिना देरी किए आप भी जान लीजिए इन देसी कूलिंग ड्रिंक्स को बनाने का तरीका.
गर्मियों में देसी कूलिंग ड्रिंक्स
सत्तू ड्रिंक
शरीर को ठंडा रखने के लिए सत्तू (Sattu) पिया जा सकता है. उत्तरी भारत में खासतौर से जौ या चने का सत्तू खाया व ड्रिंक बनाकर पिया जाता है. सत्तू एक देसी और हेल्दी ड्रिंक है जो दिन में किसी भी समय पी जा सकती है. यह ना सिर्फ शरीर को ठंडा रखती है बल्कि इससे प्रोटीन और फाइबर भी मिलता है जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है. पिसा हुआ सत्तू लेकर एक गिलास में 2 चम्मच डालें और इसके साथ ही पानी डालकर मिला लें. आप इसे मीठा बनाना चाहते हैं तो इसमें चीनी डाल सकते हैं और अगर नमकीन बनाना चाहते हैं तो नमक के साथ ही जीरा पाउडर डालकर मिक्स कर सकते हैं. बस तैयार है आपकी सत्तू ड्रिंक. इसे ठंडे पानी से बनाएं या बर्फ डालकर पिएं.
आम पन्ना
कच्चे आम का पन्ना (Aam Panna) गर्मियों में जरूर पीना चाहिए. आम पन्ना लू से बचाता है और लू के देसी रामबाण इलाज की तरह भी यूज किया जाता है. ऐसे में आम पन्ना जरूर पीना चाहिए. इसे बनाना भी आसान है. सबसे पहले कच्चे आम को उबाल लें. जब यह पक जाए और मुलायम हो जाए तो इसका छिलका हटाकर गूदा निकाल लें. इसमें चीनी, काला नमक, जीरा पाउडर और कुछ पुदीने के पत्ते डाल लें. अब पानी और बर्फ डालकर इस मिश्रण को ब्लेंड कर लें. बस तैयार है आपका आम पन्ना. इसे ठंडा-ठंडा पिएं. आम पन्ना आपको चिलचिलाती गर्मी से बचाएगा.
बेल का शरबत
गर्मियों में बेल का शरबत गली-गली में मिल जाता है. इसे पीने पर गर्माहट कम होती है और शरीर को ठंडक मिलती है सो अलग. यह पाचन के लिए भी बेहद अच्छा कहा जाता है. बेल का शरबत पीने पर शरीर को हाइड्रेशन भी मिल जाती है. शरबत बनाने के लिए बेल के फल को तोड़कर इसका गूदा निकाल लें. इसे अच्छे से मैश कर लें और इसमें पानी मिला लें. अब इसमें पिसी हुई चीनी या फिर गुड़ मिला लें. कुछ बर्फ के टुकड़े मिलाएं और ठंडा-ठंडा पिएं.
आप इन ड्रिंक्स को रोजाना पी सकते हैं. चाहे तो सुबह-शाम भी इन्हें पिया जा सकता है. गर्मियों में सेहत अच्छी रखने के लिए खुद को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी होता है. इसीलिए इन कूलिंग देसी ड्रिंक्स को जरूर पिएं.
