जबलपुर। नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में संभाग क्रमांक 13 के अंतर्गत मालवीय चौक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान पर बड़ी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अर्जुन पोहा के संचालक द्वारा दुकान बंद करने के बाद उपयोग किए गए दोना-पत्तल सड़क पर ही फेंक दिए गए थे, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2 मई को मौके पर ही संबंधित प्रतिष्ठान पर ₹10,000 का स्पॉट फाइन लगाया।
यह कार्रवाई अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन एवं सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन यादव, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अगस्ते वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक अभिषेक बिस्वरी और वार्ड सुपरवाइजर अनिल मोहित भी मौजूद रहे।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
