बरगी डैम क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 11 पहुँची, 8 वर्षीय तामिक का शव मिला, रेस्क्यू जारी




जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। शनिवार को रेस्क्यू टीम ने 8 वर्षीय तामिक का शव बरामद किया। इससे पहले शाम करीब 6 बजे 4 साल के विराज सोनी का शव घटनास्थल के पास मिला था।

गोताखोरों ने शव को सफेद कपड़े में लपेटकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी लगातार जारी है।

घटनास्थल पर सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बोट के माध्यम से सर्चिंग अभियान चला रही हैं। प्रशासन ने सर्चिंग का दायरा और बढ़ा दिया है, जबकि पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा बन रहा है। तेज हवाओं और बदलते मौसम के कारण बीच-बीच में सर्चिंग कार्य रोकना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी डैम में डूब गया था। क्रूज में लगभग 47 लोग सवार थे, जबकि आधिकारिक तौर पर सिर्फ 29 यात्रियों के टिकट जारी किए गए थे। हादसा किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ, उस समय हवा की रफ्तार लगभग 74 किमी प्रति घंटे थी।

इस भीषण हादसे ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं और नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post