तेज आंधी में बेकाबू ट्रैक्टर पलटा: वृद्धा की मौत, तीन गंभीर घायल



जबलपुर। शहर के बरेला रोड पर शनिवार शाम करीब 5 बजे उस समय अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई, जब तेज आंधी-तूफान के बीच एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े चार लोगों पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में 75 वर्षीय वृद्धा सत्तोबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिलहरी निवासी सत्तोबाई, राधा बाई, अनिता बाई यादव और अन्नू यादव खेत जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिससे बचने के लिए चारों सड़क किनारे खड़े होकर मौसम शांत होने का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान बिलहरी निवासी नीलेश श्रीपाल ट्रैक्टर लेकर वहां से तेज गति से गुजरा। तेज हवाओं के बीच अचानक ब्रेक लगाने पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े चारों लोगों पर पलट गया। हादसे में चारों लोग ट्रैक्टर के नीचे दब गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सत्तोबाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राधा बाई, अनिता बाई यादव और अन्नू यादव को गंभीर हालत में भर्ती किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद बरेला रोड पर जाम के हालात बन गए और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर हटवाकर यातायात बहाल कराया।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post