सतना। जिले के जसो क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धवारी निवासी पवन सोनी अपने भांजे की शादी में शामिल होने ओंकार पैलेस गए थे। शादी समारोह के बाद वे रिश्तेदारों को कार से उनके गांव छोड़ने के लिए निकले थे।
जैसे ही उनकी कार अमकुई गांव के पास पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक पवन सोनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में कार में सवार तीन बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नागौद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
