जबलपुर। दमोह नाका-महल फ्लाईओवर से मदनमहल स्टेशन के पास कंक्रीट जैसे टुकड़े गिरने का वीडियो वायरल होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है। विभाग का कहना है कि जो मटेरियल गिरता दिख रहा है, वह फ्लाईओवर के मुख्य ढांचे का हिस्सा नहीं है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह के अनुसार वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा मटेरियल दरअसल बॉक्स सेगमेंट और डेक स्लैब के ज्वाइंट पर जमा स्लरी का हिस्सा है। यह डी-शटरिंग के दौरान सतह पर चिपक जाता है और बाद में तापमान में बदलाव के कारण खुद-ब-खुद निकल सकता है।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कोई तकनीकी खामी नहीं है और इससे फ्लाईओवर की मजबूती या संरचना पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और सुरक्षा की दृष्टि से कोई खतरा नहीं है।
PWD ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को ऐसे चिपिंग मटेरियल को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति न बने।
फिलहाल विभाग की सफाई के बाद यह साफ है कि फ्लाईओवर सुरक्षित है, हालांकि वायरल वीडियो ने लोगों के बीच कुछ समय के लिए चिंता जरूर बढ़ा दी थी।
