जबलपुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए अधारताल थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने करौंदा बाईपास के पास घेराबंदी कर दो स्कूटी पर सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान दो स्कूटी पर सवार चार युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 15 किलो गांजा बरामद हुआ।
सतना से लाई गई थी खेप, सिवनी में होनी थी सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की यह खेप सतना से लाई गई थी। जबलपुर होते हुए इसे सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र में दो लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब उन लोगों की तलाश में जुट गई है, जिन्हें यह खेप सौंपी जानी थी।
ड्रग्स नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि गांजा कहां से लाया गया, इसकी आपूर्ति किसके निर्देश पर की जा रही थी और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं।
अधारताल पुलिस का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
.jpg)