सहेली की मदद करना पड़ा भारी! लेडी गैंग ने नाबालिग को बेरहमी से पीटा, कपड़े उतारकर बनाया वीडियो, वायरल होने पर मची सनसनी

 


जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की के साथ कुछ महिलाओं और युवतियों ने न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसके कपड़े उतरवाकर पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पीड़िता शुक्रवार को अपने साथियों और एक सामाजिक कार्यकर्ता के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब वह ग्वारीघाट थाने शिकायत लेकर पहुंची थी, तब पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को खुला छोड़ दिया।

सहेली की मदद बनी विवाद की वजह

पीड़ित नाबालिग ने बताया कि उसकी एक सहेली को उसकी सौतेली मां लगातार प्रताड़ित करती थी। मानवीय आधार पर उसने सहेली को अपने घर में शरण दी, जिससे सहेली की सौतेली मां उससे नाराज हो गई। इसी रंजिश के चलते महिला ने अन्य चार लड़कियों के साथ मिलकर उसे सुनसान स्थान पर बुलाया और उसके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं।

पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की, फिर उसके कपड़े उतरवाकर उसे अपमानित किया। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।

वीडियो वायरल होने से बढ़ी परेशानी

पीड़िता का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोग उसे पहचानने लगे हैं और तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।

सामाजिक कार्यकर्ता ने पहुंचाया एसपी कार्यालय

पीड़िता को सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र बारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय लेकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सक्रिय लड़कियों का यह गैंग पहले भी विवादों में रहा है और इनके कारण आसपास के लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद ग्वारीघाट थाना पुलिस को तत्काल गंभीर धाराएं जोड़ने और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान दो युवकों की भूमिका भी सामने आई है। एसपी ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।

पुलिस पर भी उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता का आरोप है कि यदि शुरुआती शिकायत पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की होती, तो आरोपी खुलेआम घूमते नहीं और मामला इतना नहीं बढ़ता। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिला पाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post