एनसीएल अमलोरी परियोजना में बड़ा हादसा: 8 करोड़ की ड्रिल मशीन धू-धू कर जली, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल



सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की अमलोरी परियोजना में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। परियोजना के तुर्रा सीम फॉल्ट क्षेत्र में कार्यरत करीब 8 करोड़ रुपये कीमत की ड्रिल मशीन नंबर-9 अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में मशीन आग के गोले में तब्दील हो गई और उसका इंजन वाला हिस्सा पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के सामने उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।

दुर्गम स्थान होने से नहीं पहुंच सकी फायर ब्रिगेड

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर ड्रिल मशीन कार्य कर रही थी, वहां तक फायर ब्रिगेड के वाहनों का पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जा सका और मशीन को भारी नुकसान हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मशीन पर कार्यरत सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी या इंजन में उत्पन्न किसी समस्या के चलते आग लगी हो सकती है। एनसीएल प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम से घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद एनसीएल की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि खदान के दुर्गम क्षेत्रों में ऐसी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था और त्वरित राहत संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बड़े नुकसान को रोका जा सके।

फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और क्षति का आकलन किया जा रहा है। एनसीएल प्रबंधन ने घटना की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post