जबलपुर। शहर में महिलाओं के कानों से सोने के झुमके छीनकर दहशत फैलाने वाले शातिर लुटेरा गिरोह का जबलपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो मुख्य आरोपियों सहित दो विधि-विवादित बालकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के झुमके, चोरी की रेसर मोटरसाइकिल सहित करीब 8 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
एक सप्ताह में छह वारदातों से फैली थी दहशत
पुलिस के अनुसार, 21 जून से 27 जून के बीच महज एक सप्ताह में बर्गी, तिलवारा, माढ़ोताल, अधारताल और पनागर थाना क्षेत्रों में महिलाओं के कानों से झुमके छीनने की करीब छह वारदातें सामने आई थीं। सुनसान रास्तों से गुजर रही महिलाओं को निशाना बनाकर आरोपी झुमके छीनते और मौके से फरार हो जाते थे। कई मामलों में महिलाओं के कान तक जख्मी हो गए थे।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर क्राइम ब्रांच एवं अधारताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिमांशु केवट और संतोष कोरी को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ दो विधि-विवादित बालकों को भी पकड़ा गया है।
पहले चोरी की बाइक, फिर शुरू की लूट
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने वारदातों को अंजाम देने से पहले समदड़िया मॉल के पास से एक रेसर मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसी बाइक का उपयोग कर वे शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाते थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शुरुआत में उन्होंने चेन स्नेचिंग की कोशिश की थी, लेकिन चेन नकली निकलने के बाद उन्होंने महिलाओं के कानों में पहने सोने के झुमकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं को देखकर वे झपट्टा मारते और फरार हो जाते थे।
मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी हिमांशु केवट का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस अब उससे पुराने मामलों को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस रिमांड में होंगे अहम खुलासे
क्राइम ब्रांच के सीएसपी जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से शहर में महिलाओं के साथ झुमके लूटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। संयुक्त कार्रवाई में गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 8 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान शहर की अन्य लूट और चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
