जबलपुर से ऑनलाइन गेमिंग रैकेट पर बड़ा प्रहार, 300 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा, CGST की छापेमार कार्रवाई

 


जबलपुर। मध्य प्रदेश में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए संचालित किए जा रहे कथित वित्तीय अनियमितताओं के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सेंट्रल जीएसटी (CGST) विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 300 करोड़ रुपये की संभावित कर चोरी का मामला उजागर किया है। जीएसटी अधिनियम की धारा 67 के तहत की गई इस कार्रवाई में विभाग ने अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की वसूली भी की है।
सीजीएसटी आयुक्तालय की एंटी एवेजन शाखा द्वारा की गई जांच के दौरान सतना स्थित Gazick Private Limited एवं उससे जुड़े संस्थानों पर छापेमार कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में कंपनी की ऑनलाइन गेमिंग कारोबार में संलिप्तता सामने आई है।
एक ही पते से संचालित हो रही थीं कई कंपनियां

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि Khelbro Private Limited और Skillbro Private Limited नामक कंपनियों के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म संचालित किए जा रहे थे। विशेष बात यह रही कि इन कंपनियों के पंजीकृत पते और निदेशक मंडल में भी समानता पाई गई, जिससे पूरे नेटवर्क पर संदेह गहरा गया।

अधिकारियों के अनुसार जांच में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर वित्तीय लेनदेन के दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इन लेनदेन के आधार पर करीब 300 करोड़ रुपये की कर चोरी की आशंका जताई जा रही है।
डिजिटल लेनदेन की खंगाली जा रही परतें

सीजीएसटी की टीम अब वित्तीय रिकॉर्ड, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, सर्वर डेटा और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर कर चोरी का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किए जा रहे कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
एक करोड़ से अधिक की वसूली

कार्रवाई के दौरान विभाग ने जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की वसूली की है। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित कंपनियों के वित्तीय लेनदेन की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post