स्कूटी की डिक्की में मिली पिस्टल बनी हादसे की वजह, ट्रिगर दबते ही चली गोली, युवक गंभीर

 


जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के कृपाल चौक में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कूटी की डिक्की में रखी पिस्टल को उठाने के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली लगने से 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गैस सिलेंडर भरवाने के लिए ली थी दोस्त की स्कूटी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कृपाल चौक निवासी शुभम ठाकुर (20) के घर शनिवार को गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। सिलेंडर भरवाने जाने के लिए उसने अपने पड़ोसी और मित्र की एक्सिस स्कूटी ली थी। घर पहुंचने के बाद वह गैस एजेंसी की पासबुक रखने के लिए स्कूटी की डिक्की खोल रहा था।

इसी दौरान उसकी नजर डिक्की में रखी एक पिस्टल पर पड़ी। बताया जा रहा है कि अचानक हथियार देखकर शुभम घबरा गया और उसे सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए उठाने लगा।

अनजाने में दब गया ट्रिगर, हाथ में लगी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिस्टल उठाते समय अचानक उसका ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली सीधे शुभम के हाथ में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ हालत में युवक को तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने जब्त की पिस्टल, कई सवालों के जवाब तलाश रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। हालांकि युवक की गंभीर स्थिति के चलते उसके बयान तत्काल दर्ज नहीं किए जा सके। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल जब्त कर ली है और उसकी वैधानिक स्थिति की जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि पिस्टल आखिर किसकी है और वह स्कूटी की डिक्की तक कैसे पहुंची। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हथियार लाइसेंसी है या अवैध तथा कहीं इसका संबंध किसी आपराधिक गतिविधि या अवैध हथियार नेटवर्क से तो नहीं है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

गढ़ा थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से गोली चलने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। पुलिस स्कूटी मालिक से पूछताछ करने के साथ-साथ हथियार के स्वामित्व और उसके उपयोग से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि हथियारों को सुरक्षित रखने के नियमों का पालन न होने पर किस तरह गंभीर हादसे हो सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post