जबलपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 7 चोरी के मोबाइलों के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार

 

प्लेटफॉर्म पर मोबाइल चोर गिरोह का सदस्य दबोचा, 1.26 लाख रुपये के 7 चोरी के मोबाइल बरामद



जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे परिसरों में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत जीआरपी जबलपुर को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के सात चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।

जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म क्रमांक-7 पर घेराबंदी की गई। इस दौरान रंगेश प्रसाद शर्मा उर्फ चुनका (40 वर्ष) निवासी ग्राम बांधा, जिला सतना को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

पिट्ठू बैग की तलाशी में मिले चोरी के मोबाइल

पुलिस द्वारा आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर विभिन्न नामी कंपनियों के सात मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी मोबाइलों के स्वामित्व संबंधी कोई वैध दस्तावेज, बिल अथवा संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद मोबाइल फोन बिना सिम के पाए गए, जिससे उनके चोरी के होने की आशंका और मजबूत हो गई।

ई-रक्षक एप से खुला आपराधिक रिकॉर्ड

जांच के दौरान ई-रक्षक एप के माध्यम से आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसमें उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होना सामने आया। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) के तहत विधिवत जप्त कर लिया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

परिजनों और ग्राम सरपंच को दी गई सूचना

जीआरपी ने आरोपी को उसके संवैधानिक अधिकारों और गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों एवं ग्राम सरपंच को भी दे दी गई है।

रेलवे परिसरों में अपराधियों पर शिकंजा

रेलवे पुलिस का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में चोरी, लूट तथा अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post