खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिगरेट नहीं मिलने की मामूली बात पर कुछ युवकों ने पहले महिला दुकानदार और उसकी बहू के साथ अभद्रता की, फिर विरोध करने पहुंचे बेटे पर लोहे के पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शराब पार्टी के बाद दुकान पर पहुंचे युवक
जानकारी के अनुसार घटना पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरा की है। गांव में किराना दुकान संचालित करने वाले परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ युवक गांव में शराब पार्टी करने आए थे। शराब पीने के बाद वे दुकान पर पहुंचे और एक विशेष ब्रांड की सिगरेट की मांग करने लगे।
दुकान पर मौजूद महिला ने बताया कि मांग की गई सिगरेट उपलब्ध नहीं थी। इस बात से नाराज युवकों ने महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने महिला की बहू के साथ भी अभद्र टिप्पणियां कीं और अपमानजनक बातें कहीं।
विरोध करने पर बेटे को बनाया निशाना
पीड़ित रविंद्र चौहान ने बताया कि बहू ने फोन कर घटना की जानकारी दी। जब वह घर पहुंचा और आरोपियों को खोजते हुए गांव के बाहर पहुंचा तो सभी युवक वहां खड़े मिले। मां और बहू के साथ अभद्रता का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी।
रविंद्र के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन से लोहे के पाइप और लाठियां निकालीं और उसे घेरकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
पांच आरोपियों पर मामला दर्ज
घटना की शिकायत पिपलोद थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर पांच युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
