उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बड़नगर तहसील के ग्राम अमला में चोरी की नीयत से आए बदमाशों ने न सिर्फ एक चौकीदार परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. रूह कंपा देने वाली बात यह है कि इस कृत्य को महिला के 12 साल के मासूम बेटे के सामने अंजाम दिया गया. बड़नगर पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पवन चक्की के वायर चुराने आए थे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 18 जून की रात करीब 12 बजे की है. ग्राम अमला के एक खेत में एक आदिवासी परिवार झोपड़ी बनाकर रहता है और वहीं रखवाली करता है. देर रात करीब पांच बदमाश खेत में लगी पवन चक्की के कीमती वायर चोरी करने के इरादे से वहां घुसे थे. बदमाशों ने टापरी में सो रहे पति, पत्नी और उनके 12 साल के बच्चे को जगाया. इसके बाद आरोपियों ने पति को घसीटकर बाहर निकाला और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. पति को बंधक बनाने के बाद कुछ बदमाश पवन चक्की के वायर चोरी करने में लग गए.
मासूम बेटे के सामने दरिंदगी, बंदूक की नोक पर धमकी
चोरी की वारदात के बीच ही बदमाशों की हैवानियत जाग उठी. चोरी के बाद बदमाश वापस टापरी के अंदर गए. जहां महिला अपने बच्चे के साथ खौफ में डूबी हुई थी. बदमाश महिला और उसके बेटे को खींचकर पास की झाड़ियों में ले गए. इसके बाद बंदूक की नोक पर मासूम बच्चे को डराया गया और उसकी आंखों के सामने ही महिला के साथ दरिंदगी की गई.
पुलिस थ्योरी और पीड़िता के दावों में अंतर
इस पूरे मामले में पुलिस के आधिकारिक बयान और पीड़ित परिवार के दावों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. बड़नगर पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात बदमाश ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. वहीं दूसरी ओर पीड़ित महिला और उसके 12 साल के बेटे ने सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है.
बेटे ने कहा, ''बदमाशों ने बंदूक की नोक पर पहले पापा को पीटा. फिर मुझे बंदूक दिखाकर डराया कि चिल्लाए तो जान से मार देंगे. इसके बाद मेरी आंखों के सामने ही दो से तीन लोगों ने बारी-बारी से मां के साथ गलत काम किया. वारदात के बाद पीड़ित परिवार जैसे-तैसे थाने पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई.''
बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार बताया कि, ''महिला की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे.'' हालांकि, पीड़ित पक्ष द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस अब मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है.''
