जबलपुर/नरसिंहपुर। ट्रैफिक पुलिस से विवाद और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में जमानत पर रिहा हुए सूरज पटेल को राहत की सांस लेने का मौका भी नहीं मिला। जेल से बाहर निकलते ही पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस बार गिरफ्तारी की वजह जबलपुर न्यायालय से जारी 3 लाख रुपये के चेक बाउंस प्रकरण का स्थायी वारंट बना।
जमानत मिलते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सूरज पटेल को 14 जून को वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस से विवाद, अभद्रता, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोप है कि वह बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म लगी कार में घूम रहा था।
यह मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा में रहा था। इसी बीच ठेमी पुलिस को सूचना मिली कि सूरज पटेल 19 जून को जमानत पर जेल से रिहा होने वाला है। पुलिस पहले से ही उसके खिलाफ लंबित स्थायी वारंट की तामील की तैयारी में जुटी थी।
जेल के बाहर ही हुई दूसरी गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर जेल के बाहर निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही सूरज पटेल जेल से बाहर निकला, पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जेएमएफसी न्यायालय, जबलपुर द्वारा धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस प्रकरण) में स्थायी वारंट जारी किया गया था, जिसकी लंबे समय से तामील नहीं हो पा रही थी।
व्यापारी से लिया था 3 लाख रुपये का कर्ज
जांच में सामने आया है कि सूरज पटेल ने जबलपुर के एक व्यापारी से 3 लाख रुपये उधार लिए थे। भुगतान के लिए आरोपी द्वारा दिया गया चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद संबंधित व्यापारी ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया।
मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी कर दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से वारंटी था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।
जश्न की तैयारी पर फिरा पानी
सूत्रों के अनुसार सूरज पटेल की जमानत के बाद समर्थकों द्वारा स्वागत, जुलूस और जश्न की तैयारियां की जा रही थीं। हालांकि जेल से बाहर निकलते ही हुई दूसरी गिरफ्तारी ने इन सभी तैयारियों पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
एक ही हफ्ते में दो बार गिरफ्तारी
दिलचस्प बात यह है कि सूरज पटेल एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग मामलों में पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुका है। पहले ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और पुलिस से विवाद के मामले में गिरफ्तारी हुई, वहीं अब चेक बाउंस प्रकरण में जारी स्थायी वारंट के चलते उसे दोबारा हिरासत में लिया गया है।
