जमीन नामांतरण के लिए किसान से मांगी रिश्वत, पटवारी 5 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 



नरसिंहपुर। जिले की गोटेगांव तहसील में जमीन के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगना एक पटवारी को महंगा पड़ गया। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया निवासी संदीप कुमार पिता बलराम सिंह ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनकी मां ममता देवी ने 29 अप्रैल 2026 को ग्राम मुआर स्थित करीब 7 एकड़ कृषि भूमि खरीदी थी। भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित हल्का पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान पटवारी घनश्याम गढ़वाल 10 हजार रुपए की मांग से घटकर 5 हजार रुपए लेने पर राजी हो गया। इसके बाद लोकायुक्त ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।

सोमवार 1 जून को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने हल्का नंबर 41, ग्राम मुरदई में पदस्थ पटवारी घनश्याम गढ़वाल को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post