नई दिल्ली। जून महीने की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करने वाले कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 1 जून से 19 किलो वाले कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है।
नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3,255.50 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गई है।
इसके अलावा 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
एक महीने में दूसरी बार बढ़ीं कीमतें
गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 1 मई को भी तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम में बड़ी वृद्धि की थी। उस समय पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर पड़े असर को कीमतों में वृद्धि की प्रमुख वजह बताया गया था।
सरकार ने दिया पर्याप्त भंडार का भरोसा
कीमतों में बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने एलपीजी की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के अनुसार देश में पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। सरकार ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रणनीतिक भंडारण क्षमता बढ़ाने पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि तेल विपणन कंपनियों को कम से कम 30 दिनों का एलपीजी भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपूर्ति संकट की स्थिति में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
व्यापारियों पर बढ़ेगा असर
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग और अन्य छोटे-बड़े व्यवसायों की लागत पर पड़ सकता है। इससे आने वाले समय में खाद्य पदार्थों और सेवाओं की कीमतों पर भी प्रभाव देखने को मिल सकता है।
