पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, चाकुओं से गोदकर किया लहूलुहान



 जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र स्थित कांचघर चौक में रविवार देर रात पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक युवक को घेरकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके साथी को भी आरोपियों ने निशाना बनाकर घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार कांचघर चौक निवासी अधिवक्ता अनूप शर्मा (37) ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि रविवार देर रात करीब 12:30 बजे पड़ोसी आकाश सिंह राजपूत ने उन्हें सूचना दी कि उनके छोटे भाई अविनाश शर्मा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया है।

बताया गया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी सम्राट चौधरी उर्फ डॉक्टर, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा तथा उनके अन्य साथियों ने अविनाश शर्मा को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से उसके सिर, चेहरे और हाथों पर कई प्राणघातक वार किए। अचानक हुए हमले से अविनाश गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।

बचाने पहुंचे युवक को भी बनाया निशाना

घटना के दौरान अविनाश के साथ मौजूद उसका साथी निक्की खत्री बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में निक्की के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर अमित शर्मा और दिनेश शर्मा मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने अविनाश को तेलमिल के सामने परिहार डॉक्टर के पास खून से लथपथ अवस्था में बैठे देखा।

विक्टोरिया अस्पताल में कराया भर्ती

घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को लेकर घमापुर थाना पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

फरियादी की रिपोर्ट पर घमापुर पुलिस ने आरोपी सम्राट चौधरी, तनिष्क जायसवाल, राज बेन उर्फ सरदार, निहाल बिरहा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post