पीरघाट पर सुबह छह बजे हुआ हादसा, बस और ट्रक के उड़े परखच्चे; पुलिस-एफआरवी ने चलाया राहत अभियान, हादसे के कारणों की जांच शुरू
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों में दहशत फैला दी। बीना तहसील के खिमलासा थाना क्षेत्र स्थित पीरघाट पर इंदौर से ललितपुर जा रही यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा और ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे हुआ। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी।
एफआरवी और पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही थाना भानगढ़ की एफआरवी के पायलट राजधर, खलक यादव तथा खिमलासा एफआरवी के पायलट अमित और होमगार्ड देवेंद्र राजपूत मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों का अस्पताल में उपचार
हादसे में घायल यात्रियों में हरिराम प्रजापति (50) निवासी ललितपुर, गुड्डुबाई कुर्मी निवासी ललितपुर तथा उमा तिवारी निवासी उज्जैन सहित कई लोग शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को बीना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों ने आसपास के विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया।
तेज रफ्तार या लापरवाही बनी हादसे की वजह?
खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि कुछ घायल निजी स्तर पर उपचार कराने चले गए हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
राहत की बात, नहीं हुई जनहानि
भीषण टक्कर के बावजूद किसी भी यात्री की मौत नहीं हुई। पुलिस और राहत दल की त्वरित कार्रवाई से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
