नई यूनिफॉर्म के विरोध में होम साइंस कॉलेज की छात्राओं का चक्काजाम, शास्त्री ब्रिज पर एक घंटे तक थमा ट्रैफिक



जबलपुर। होम साइंस कॉलेज में नई यूनिफॉर्म अनिवार्य किए जाने के फैसले के विरोध में सोमवार को सैकड़ों छात्राओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। कॉलेज परिसर से रैली निकालते हुए छात्राओं ने शास्त्री ब्रिज चौराहे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक शहर का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मदनमहल, गढ़ा और ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही कॉलेज प्रबंधन और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
'पुरानी यूनिफॉर्म ठीक है, फिर नई क्यों खरीदें?'

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि उनकी मौजूदा यूनिफॉर्म पूरी तरह उपयोग योग्य है, इसके बावजूद हर नए शैक्षणिक सत्र में नई यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। उनका आरोप है कि यह निर्णय आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ डाल रहा है।

बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा दुर्गा मेहरा ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति हर वर्ष नई यूनिफॉर्म खरीदने की अनुमति नहीं देती। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी पढ़ते हैं, जिनके अभिभावक मजदूरी या निजी नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में फीस के साथ नई यूनिफॉर्म का अतिरिक्त खर्च उठाना आसान नहीं है।
पहले दो जोड़ी खरीदी, अब फिर नया आदेश

छात्रा सपना कुर्मी ने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय कॉलेज प्रबंधन के निर्देश पर उन्होंने दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदी थी। अब दूसरे वर्ष में फिर नई यूनिफॉर्म खरीदने का निर्देश दिया गया है, जबकि पुरानी यूनिफॉर्म अभी भी अच्छी स्थिति में है।

छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक कॉलेज प्रशासन अपना फैसला वापस नहीं लेता, वे नई यूनिफॉर्म नहीं खरीदेंगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन जारी रखेंगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने दिए समाधान के संकेत

घटना की जानकारी मिलने पर उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक अल्केश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि छात्राओं की मुख्य आपत्ति नई लाइट येलो रंग की यूनिफॉर्म को लेकर है। कॉलेज प्राचार्य से चर्चा की जा रही है और ऐसा समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन दोनों की सहमति बन सके।

उन्होंने यह भी संकेत दिए कि नई यूनिफॉर्म को ऐच्छिक (वैकल्पिक) बनाए जाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
बिना अनुमति प्रदर्शन पर कार्रवाई के संकेत

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मदनमहल, गढ़ा और ओमती थाना पुलिस बल तैनात रहा। सीएसपी एम.डी. नगोतिया ने बताया कि छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक चौराहे पर बिना अनुमति चक्काजाम किए जाने के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post