जबलपुर। जबलपुर जिला अधिवक्ता संघ के वर्ष 2026-28 के चुनाव का औपचारिक आगाज हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जीएस ठाकुर ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए मतदाता सूची का प्रकाशन किया, जिसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई। इस बार 3,313 पंजीकृत अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर संघ की नई कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे।
इस चुनाव में अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, पुस्तकालय सचिव तथा 12 कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल महत्वपूर्ण पदों के लिए मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के नियमों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया गया है।
महिला अधिवक्ताओं को मिलेगा मजबूत प्रतिनिधित्व
इस बार के चुनाव की सबसे अहम विशेषता महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष आरक्षण है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जीएस ठाकुर ने बताया कि दो उपाध्यक्ष पदों में से एक पद तथा कोषाध्यक्ष का पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रहेगा। इसके अलावा 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में तीन सीटें भी महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। इस कदम को अधिवक्ता संघ में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मतदान में बरतनी होगी विशेष सावधानी
निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को दोनों उपाध्यक्ष पदों और कार्यकारिणी के सभी 12 सदस्यों के लिए निर्धारित संख्या के अनुसार मतदान करना अनिवार्य होगा। यदि कोई मतदाता निर्धारित संख्या से कम या अधिक वोट देता है, तो उसका मतपत्र संबंधित पद के लिए अवैध माना जाएगा।
6 जुलाई से शुरू होंगे नामांकन
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई से 8 जुलाई तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। 9 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच कर वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 10 और 11 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 13 जुलाई को अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
मुख्य मतदान 20 जुलाई को सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। इसके अगले दिन 21 जुलाई को सुबह 10:30 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी जीएस ठाकुर ने अधिवक्ताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक मतदान कर संघ के लिए मजबूत और प्रभावी नेतृत्व का चयन करें।
बैठक के दौरान रजनीश यादव, सुभाष शुक्ला, संजय सोनी, जय सचदेवा, सचिन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
