जबलपुर। शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में नगर निगम ने कई बड़े फैसलों पर मुहर लगा दी है। महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' की अध्यक्षता में आयोजित मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में आवास, पर्यटन, खेल, पर्यावरण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े दर्जनों महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के फैसलों से जहां लंबे समय से अटकी तिलहरी आवासीय योजना को नई गति मिलेगी, वहीं डुमना नेचर पार्क को पर्यटन का नया केंद्र बनाने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
तिलहरी आवासीय योजना को मिली नई जिंदगी
बैठक में तिलहरी आवासीय योजना के तहत लंबे समय से अधूरे पड़े 288 मकानों का निर्माण पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर पूरा कराने का निर्णय लिया गया। निर्माण कार्य "जो जहां है, जैसा है" की स्थिति में कराया जाएगा। इस परियोजना से एक ओर आवासीय योजना को गति मिलेगी, वहीं नगर निगम को करीब 18 करोड़ रुपये का राजस्व भी प्राप्त होगा।
डुमना नेचर पार्क में बनेगा 5 स्टार होटल, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
जबलपुर को पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से डुमना नेचर पार्क में स्विस टेंट थीम पर 5 स्टार होटल और रेस्टोरेंट विकसित किए जाएंगे। यह परियोजना भी पीपीपी मॉडल पर संचालित होगी। नगर निगम का मानना है कि इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय पर्यटन उद्योग को भी नई उड़ान मिलेगी।
राइट टाउन स्टेडियम में बनेगा ओलंपिक भवन
शहर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राइट टाउन स्टेडियम की खाली भूमि पर ओलंपिक भवन बनाने का फैसला लिया गया। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
50 स्थानों पर साइकिलिंग सुविधा, 12 आधुनिक टॉयलेट्स बनेंगे
नागरिक सुविधाओं का विस्तार करते हुए शहर के 50 प्रमुख स्थानों पर पीपीपी मॉडल के तहत सार्वजनिक साइकिलिंग सुविधा शुरू की जाएगी। इससे लोगों को पर्यावरण अनुकूल परिवहन का विकल्प मिलेगा और नगर निगम को भी किराये के रूप में अतिरिक्त आय होगी।
इसके अलावा शहर में 12 अत्याधुनिक मॉडल टॉयलेट्स का निर्माण इसी माह शुरू करने का निर्णय लिया गया है, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
5 श्मशान घाटों का होगा कायाकल्प, 6 करोड़ होंगे खर्च
बैठक में शहर के 5 प्रमुख श्मशान घाटों के उन्नयन के लिए 6 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई। इन श्मशान घाटों में आधुनिक सुविधाएं विकसित कर अंतिम संस्कार व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और सम्मानजनक बनाया जाएगा।
जल संरक्षण और हरियाली पर विशेष फोकस
भू-जल स्तर सुधारने और वर्षा जल के संरक्षण के लिए शहर के 1500 चिन्हित स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। वहीं पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से अगले तीन महीनों में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रशासनिक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित
बैठक में विकास योजनाओं के अलावा लीज नवीनीकरण, नामांतरण, नामकरण सहित कई प्रशासनिक प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी निर्णय लिए गए। कुछ जटिल विषयों पर भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी बाधा से बचने के लिए विधिक राय लेने का फैसला किया गया।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव और श्रीमती रजनी कैलाश साहू सहित निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, एमआईसी सचिव दिनेश प्रताप सिंह तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।
एक नजर में बड़े फैसले
288 मकानों का निर्माण पीपीपी मॉडल पर होगा।
नगर निगम को 18 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा।
डुमना नेचर पार्क में 5 स्टार होटल और रेस्टोरेंट विकसित होंगे।
राइट टाउन स्टेडियम में ओलंपिक भवन बनाया जाएगा।
50 स्थानों पर सार्वजनिक साइकिलिंग सुविधा शुरू होगी।
12 आधुनिक टॉयलेट्स का निर्माण होगा।
5 श्मशान घाटों का 6 करोड़ रुपये से उन्नयन किया जाएगा।
1500 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे।
अगले 3 महीनों में 11 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
