जबलपुर। सोशल मीडिया पर वर्क फ्रॉम होम का आकर्षक ऑफर एक परिवार के लिए महंगा साबित हुआ। गढ़ा थाना क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय धर्मेंद्र मिश्रा ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने टाइपिंग जॉब दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 40 हजार 822 रुपये निकाल लिए। मामले में गढ़ा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Instagram पर मिला टाइपिंग जॉब का ऑफर
पुलिस को दी गई शिकायत में धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि 11 जुलाई की रात उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से 29 जून से 2 जुलाई के बीच कई ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 40,822 रुपये निकाल लिए गए हैं।
जांच के दौरान उनकी बेटी तानिया मिश्रा ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम की तलाश की थी। इसी दौरान उसे "ग्लोबल बुक पब्लिकेशन" नाम से एक पेज मिला, जहां टाइप राइटर/टाइपिंग वर्क का काम देने और प्रति प्रोजेक्ट 15 हजार रुपये कमाने का लालच दिया गया।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर बिछाया जाल
आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बहाने क्यूआर कोड मांगा और 500 रुपये जमा करने के लिए एक लिंक भेजी। जैसे ही भुगतान किया गया, साइबर ठगों ने बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली और कुछ ही दिनों में खाते से 40,822 रुपये निकाल लिए।
फोन बंद, ठग हुए फरार
ठगी का एहसास होने पर तानिया ने कथित कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल गढ़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
