जबलपुर। संस्कारधानी में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलबाग थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चाय की दुकान की आड़ में संचालित सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर चार आरोपियों को रंगे हाथ सट्टा-पट्टी लिखते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी और नगदी भी बरामद की गई है।
संगम चाय दुकान पर दी दबिश
बेलबाग थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली थी कि पाण्डे अस्पताल के सामने स्थित संगम चाय दुकान के पास कुछ लोग अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिखकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और चार लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इस प्रकार बताए—
- अच्छेलाल चौधरी निवासी हनुमानताल
- विजय कुमार गुप्ता निवासी कोतवाली
- प्रदीप कोरी निवासी घमापुर
- संजय जैन निवासी शांतिनगर, गोहलपुर
सट्टा-पट्टी और नगदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी और नगदी बरामद की है—
- अच्छेलाल चौधरी से 5 सट्टा-पट्टी एवं ₹3,120 नगद।
- विजय कुमार गुप्ता से 5 सट्टा-पट्टी एवं ₹2,180 नगद।
- प्रदीप कोरी से 4 सट्टा-पट्टी एवं ₹2,350 नगद।
- संजय जैन से 3 सट्टा-पट्टी एवं ₹2,640 नगद।
सट्टा एक्ट के तहत कार्रवाई
बेलबाग पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
