पुरानी रंजिश में साले ने जीजा पर किया जानलेवा हमला, चाकू के ताबड़तोड़ वार से गंभीर घायल

 


जबलपुर। शहर के यादव कॉलोनी पुलिस चौकी क्षेत्र में गुरुवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। कछपुरा ब्रिज के समीप पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही जीजा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घात लगाकर किया हमला

पुलिस के अनुसार मदन महल स्थित शिवनगर निवासी संतोष ठाकुर (28) गुरुवार को अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह यादव कॉलोनी चौकी के पास कछपुरा ब्रिज पहुंचे, वहां पहले से मौजूद उनके साले पीयूष ने पुरानी रंजिश के चलते अचानक उन पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने संतोष की कमर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। एक वार इतना गहरा था कि चाकू कमर में धंस गया, जिससे संतोष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल संतोष को विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज में घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी पीयूष के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post