मानसून की रफ्तार थमी, गर्मी-उमस ने बढ़ाई मुश्किलें! जबलपुर समेत 9 राज्यों में अगले 5 दिन बारिश के आसार नहीं

 



छत्तीसगढ़ की ओर खिसका मानसून, तापमान सामान्य से 3 डिग्री ऊपर; 14 जुलाई के बाद मौसम बदलने की उम्मीद

जबलपुर। बारिश का इंतजार कर रहे जबलपुरवासियों को फिलहाल और इंतजार करना पड़ सकता है। पिछले तीन दिनों से मानसून की रफ्तार थमने के कारण शहर में बारिश पूरी तरह गायब है। मानसूनी सिस्टम के छत्तीसगढ़ की ओर शिफ्ट होने से जबलपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप, भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के 9 राज्यों में अगले पांच दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना बेहद कम है।

रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। बढ़ती गर्मी और 77 प्रतिशत आर्द्रता के कारण दिनभर उमस ने लोगों को बेहाल रखा।

बदल गया मानसून का मिजाज

जबलपुर में मानसून का स्वरूप भी अब पहले जैसा नहीं रहा। शहर के बुजुर्ग बताते हैं कि एक समय ऐसा था जब मानसून सक्रिय होते ही कई दिनों तक सूरज के दर्शन नहीं होते थे और लगातार मूसलाधार बारिश होती थी। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मौसम का मिजाज तेजी से बदला है। कभी कई दिनों तक बारिश नहीं होती, तो कभी कुछ ही घंटों में भारी वर्षा हो जाती है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो शहर में पहले औसतन 52 इंच वर्षा होती थी, जो अब घटकर करीब 48 इंच रह गई है। वर्तमान में पश्चिमी दिशा से 7 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, लेकिन इनमें नमी होने के बावजूद बारिश की स्थिति नहीं बन पा रही है।

13-14 जुलाई को हल्की फुहारों की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सक्रिय मानसूनी तंत्र कमजोर पड़ा हुआ है। ऐसे में 13 और 14 जुलाई को केवल हल्की बारिश या रिमझिम फुहारें पड़ने की संभावना है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 14 जुलाई के बाद मानसून फिर सक्रिय हो सकता है, जिससे अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।

बारिश का इंतजार, गर्मी से राहत की आस

बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है, वहीं शहरवासी भी उमस और गर्मी से परेशान हैं। अब सभी की निगाहें मौसम विभाग के अगले पूर्वानुमान पर टिकी हैं और लोगों को उम्मीद है कि मानसून जल्द ही फिर सक्रिय होगा और झमाझम बारिश के साथ गर्मी से राहत मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post